डायबिटीज की नई दवाएँ और पेशाब की समस्याएँ: क्या हमें सावधान रहने की जरूरत है?

By: Dr Saurabh Jain
MS, MCh Urology (PGI –Chandigarh)
Diploma in Laparoscopic Surgery (France)
Fellowship in Renal Transplant
Prof. and Head, Gandhi Medical College, Bhopal

दोस्तो, आजकल डायबिटीज (मधुमेह) के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसके साथ ही, पिछले कुछ वर्षों से मेरी यूरोलॉजी OPD में डायबिटीज से संबंधित पेशाब और जननांगों की समस्याओं वाले मरीज पहले की तुलना में अधिक देखने को मिल रहे हैं। इनमें कई मरीज ऐसे होते हैं, जिन्हें डायबिटीज की नई दवाएँ शुरू करने के बाद बार-बार पेशाब आना, जननांगों में खुजली, जलन या इन्फेक्शन की शिकायत होने लगती है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि क्या इन समस्याओं का संबंध डायबिटीज से है, उसकी दवाओं से है, या दोनों से।

आजकल टाइप-2 डायबिटीज के इलाज में SGLT-2 inhibitors नामक दवाओं का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है। डापाग्लिफ्लोजिन (Dapagliflozin), एम्पाग्लिफ्लोजिन (Empagliflozin) और कैनाग्लिफ्लोजिन (Canagliflozin) इस समूह की प्रमुख दवाएँ हैं। इन दवाओं की खास बात यह है कि ये शरीर से अतिरिक्त शुगर को पेशाब के रास्ते बाहर निकालती हैं। हमारी किडनियां सामान्यतः खून को फिल्टर करने के बाद ग्लूकोज को वापस शरीर में अवशोषित कर लेती है। ये दवाएँ इसी प्रक्रिया को रोकती हैं, जिससे ब्लड शुगर कम होता है। इसके साथ हो साथ ये दवाइयाँ मरीज के वजन कम करने और ब्लड प्रेशर कम करने में भी योगदान करती हैं। अनेक शोधों में यह स्थापित हुआ है कि, ये दवाइयाँ डायबिटीज जनित हार्ट एवं किडनी की बीमारियों को भी रोकने में सहायक हैं।

लेकिन दोस्तों, यहां एक बात समझना बहुत जरूरी है। कई मरीज मुझसे पूछते हैं कि डॉक्टर साहब, मेरी ब्लड शुगर तो बिल्कुल सामान्य है, फिर भी मुझे बार-बार फंगल इंफेक्शन क्यों हो रहा है? इसका जवाब इन दवाओं के काम करने के तरीके में छिपा है। ये दवाएँ ब्लड शुगर कम करने के साथ-साथ ग्लूकोज को पेशाब के रास्ते बाहर निकालती हैं। इसलिए इन दवाओं को लेने वाले मरीजों में ब्लड शुगर सामान्य होने के बावजूद पेशाब में ग्लूकोज आ जाता है। यह दवा के अपेक्षित प्रभाव का हिस्सा है, जरूरी नहीं कि डायबिटीज का नियंत्रण खराब हो।

अब सवाल यह है कि पेशाब में मौजूद यह अतिरिक्त ग्लूकोज हमारे जननांगों को कैसे प्रभावित करता है? यही वह जगह है जहाँ इन दवाओं से संबंधित यूरोलॉजिकल समस्याओं को समझना जरूरी हो जाता है। पेशाब में ग्लूकोज की मौजूदगी कुछ फंगस, विशेषकर Candida, को बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर सकती है। इसी कारण इन दवाओं को लेने वाले कुछ मरीजों में जननांगों का फंगल इन्फेक्शन बार-बार हो सकता है, भले ही उनका ब्लड शुगर सामान्य हो।

ऐसे इन्फेक्शन में पुरुषों को लिंग के अगले हिस्से में खुजली, लालिमा, सूजन या सफेद परत दिखाई दे सकती है। इसे बैलेनाइटिस कहते हैं। महिलाओं में योनि के आसपास खुजली, जलन और सफेद डिस्चार्ज की शिकायत हो सकती है। जिन मरीजों को पहले भी फंगल इन्फेक्शन हो चुका है, उनमें इसके दोबारा होने की संभावना अधिक हो सकती है। जिन मरीजों में डायबिटीज के कारण खून में ग्लूकोज की मात्रा ज्यादा रहती है, उनमें भी फंगल इन्फेक्शन होने की संभावना बढ़ जाती है। इसी प्रकार मेनोपॉज के बाद जिन महिलाओं को ये दवाई दी जाती है, उन्हें भी फंगल इन्फेक्शन का खतरा रहता है।

इसलिए दोस्तो, यदि आप इन दवाओं का सेवन कर रहे हैं और बार-बार फंगल इन्फेक्शन हो रहा है, तो केवल सामान्य ब्लड शुगर देखकर निश्चिंत न हो जाएं। पेशाब में ग्लूकोज की जाँच भी इन दवाओं के दौरान डायबिटीज नियंत्रण जानने का विश्वसनीय तरीका नहीं है। संक्रमण के लक्षण होने पर डॉक्टर से उचित जाँच और उपचार कराना चाहिए।

इसके अलावा, इन दवाओं के कारण पेशाब की मात्रा बढ़ सकती है। कुछ मरीजों को बार-बार पेशाब आने, रात में कई बार उठने या अधिक प्यास लगने की शिकायत होती है। हालांकि, हमेशा बार-बार पेशाब आने का कारण दवा ही नहीं होता। बढ़ा हुआ ब्लड शुगर, पुरुषों में प्रोस्टेट का बढ़ना, यूरिनरी इंफेक्शन या ब्लैडर की समस्या भी इसके कारण हो सकते हैं। इसलिए लक्षणों को केवल दवा का साइड इफेक्ट मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

यूरिनरी इंफेक्शन (UTI) के बारे में भी मरीजों में अक्सर चिंता रहती है। पेशाब में जलन, बार-बार पेशाब आना और निचले पेट में दर्द इसके सामान्य लक्षण हैं। हालांकि, इन दवाओं से गंभीर बैक्टीरियल UTI का खतरा सभी मरीजों में स्पष्ट रूप से बढ़ा हुआ नहीं पाया गया है। लेकिन यदि किसी मरीज को पेशाब रुकने, प्रोस्टेट बढ़ने या ब्लैडर पूरी तरह खाली न होने की समस्या है, तो उसे विशेष सावधानी रखनी चाहिए।

अब सवाल यह है कि इन समस्याओं को शुरुआती अवस्था में कैसे पहचानें? और कब यूरोलॉजिस्ट से मिलें?

मित्रो, यदि डायबिटीज की दवा शुरू करने के बाद जननांगों में खुजली, लालिमा, जलन, असामान्य डिस्चार्ज या पेशाब में जलन की शिकायत हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। समय पर जाँच और उचित उपचार से अधिकांश फंगल इन्फेक्शन और सामान्य UTI आसानी से ठीक हो जाते हैं। फंगल इन्फेक्शन में एंटीफंगल क्रीम या दवाओं की आवश्यकता हो सकती है, जबकि बैक्टीरियल UTI में यूरिन टेस्ट और जरूरत पड़ने पर यूरिन कल्चर के आधार पर एंटीबायोटिक दिया जाता है। केवल पेशाब में शुगर आने के कारण एंटीबायोटिक लेने की जरूरत नहीं होती।

ऐसे मरीजों को पर्याप्त पानी पीना चाहिए, जननांगों की नियमित सफाई रखनी चाहिए और पेशाब को लंबे समय तक रोककर नहीं रखना चाहिए। यदि बार-बार इन्फेक्शन हो रहा है, तो इसके पीछे डायबिटीज के नियंत्रण, पुरुषों में प्रोस्टेट बढ़ने या पेशाब पूरी तरह खाली न होने जैसी समस्याओं की भी जाँच करनी चाहिए।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इन दवाओं को अपने आप बंद नहीं करना चाहिए। हल्का फंगल संक्रमण होने पर अक्सर उचित उपचार के साथ दवा जारी रखी जा सकती है। लेकिन यदि तेज बुखार, कंपकंपी, कमर या पीठ में दर्द, उल्टी अथवा गंभीर कमजोरी हो, तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। ऐसी स्थिति में किडनी के गंभीर संक्रमण या अन्य जटिलताओं की संभावना हो सकती है और दवा को अस्थायी रूप से रोकने की जरूरत पड़ सकती है।

जननांगों या गुदा के आसपास अचानक तेज दर्द, सूजन, लालिमा, बुखार या त्वचा का रंग बदलना एक दुर्लभ लेकिन गंभीर इन्फेक्शन, फोरनियर गैंग्रीन, का संकेत हो सकता है। यह एक मेडिकल इमरजेंसी है और इसमें तुरंत अस्पताल पहुँचना चाहिए।

बार-बार फंगल इन्फेक्शन होने, गंभीर UTI, पेशाब रुकने या दवा से संबंधित परेशानी होने पर अपने यूरोलॉजिस्ट और एंडोक्राइनोलॉजिस्ट से परामर्श करें। दवा को लंबे समय के लिए बंद करने या बदलने का निर्णय डॉक्टर की सलाह से ही लें।

अंत में, दोस्तो, हमें यह समझना चाहिए कि SGLT-2 inhibitors डायबिटीज के इलाज में काफी प्रभावी और उपयोगी दवाएँ हैं। इनसे होने वाली संभावित यूरोलॉजिकल समस्याओं की जानकारी होना जरूरी है, लेकिन इनके डर से दवा बंद कर देना सही नहीं है। सही जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता, शुगर का बेहतर नियंत्रण और समय पर डॉक्टर से सलाह लेने से अधिकांश समस्याओं को रोका और ठीक किया जा सकता है।

इसलिए जागरूक रहें, लक्षणों को नजरअंदाज न करें और डायबिटीज की दवाएँ हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह से ही लें।

© 2026 Madhumehvani. All Rights Reserved.